मुरादाबाद , अगस्त 13 -- उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने श्रावण मास में आयोजित कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं और रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ रिकॉर्ड राजस्व अर्जित किया है। वहीं, कांवड़ मेले के सफल संचालन के बाद रेलवे ने अर्धकुंभ मेला-2027 की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। रेलवे सूत्रों के अनुसार 30 जुलाई से 11 अगस्त (सावन शिवरात्रि) तक हरिद्वार रेलवे स्टेशन से अनारक्षित, आरक्षित तथा डिजिटल माध्यमों से कुल 3,50,854 यात्रियों का आवागमन दर्ज किया गया। इस अवधि में रेलवे को 10,91,11,956 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के मार्गदर्शन में हरिद्वार, ज्वालापुर, रुड़की और योगनगरी ऋषिकेश समेत प्रमुख स्टेशनों पर चौबीसों घंटे विशेष व्यवस्थाएं की गईं। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त अनारक्षित टिकट काउंटर, मेडिकल हेल्प डेस्क, सहायता केंद्र तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों की तैनाती की गई। गर्मी से राहत देने के लिए पेयजल, शरबत और फ्रूट जूस की व्यवस्था भी की गई।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), रेलवे सुरक्षा विशेष बल (आरपीएसएफ) तथा राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के सहयोग से हरिद्वार स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर मिनी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया, जहां से भीड़ और सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी की गई। 'ऑपरेशन सेवा' के तहत बीमार यात्रियों और बच्चों को त्वरित सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए कई ट्रेनों में अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच लगाए गए। इसके अलावा सहारनपुर-हरिद्वार तथा बठिंडा-हरिद्वार के बीच विशेष कांवड़ ट्रेनों का संचालन किया गया, जो 30 अगस्त तक जारी रहेगा। दिल्ली-शामली मेमू सेवा का भी अस्थायी रूप से हरिद्वार तक विस्तार किया गया है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ मेले के सफल संचालन के बाद अर्धकुंभ मेला-2027 की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव की अध्यक्षता में हरिद्वार में आश्रमों, धर्मशालाओं और टैक्सी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, प्रीपेड टैक्सी बूथ तथा स्वयंसेवकों के सहयोग से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सहमति बनी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित