रायपुर , अगस्त 17 -- छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता के बीच सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की है।
राजधानी रायपुर में रविवार देर रात से तेज बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार बारिश के कारण शहर के सुंदर नगर इलाके में महादेवघाट रोड पर जलभराव की स्थिति बन गई है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी है।
अगले 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिनों तक भी प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ में इस अवधि के दौरान बारिश का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक रहने का अनुमान है।
प्रदेश में तापमान की बात करें तो सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान भी पेंड्रा रोड में 22 डिग्री सेल्सियस रहा।
छत्तीसगढ़ में एक जून से 13 अगस्त तक कुल 668.8 मिमी (26.3 इंच) बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 734.4 मिमी (28.9 इंच) होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में अब तक 65.6 मिमी (2.6 इंच) कम बारिश दर्ज की गई है। बारिश में कमी का स्तर नौ प्रतिशत है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में बारिश का स्तर करीब सामान्य रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित