सिलीगुड़ी , मार्च 13 -- उत्तर बंगाल में पिछले कुछ दिनों से एलपीजी सिलेंडरों की कमी को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं।
शुक्रवार को कई एलपीजी वितरण केंद्रों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी गईं। कई लोगों ने बताया कि ऑनलाइन सिलेंडर बुकिंग में दिक्कतें आ रही हैं और एक सप्ताह पहले बुकिंग करने के बावजूद उन्हें अभी तक डिलीवरी नहीं मिली है।
इस बीच ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेताओं और समर्थकों ने कूचबिहार में मोटरसाइकिल रैली निकालकर सिलेंडर की कमी का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि घरेलू और वाणिज्यिक दोनों तरह के सिलेंडरों की कालाबाजारी हो रही है और उन्हें अधिक कीमतों पर बेचा जा रहा है।स्थिति को देखते हुए सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर कार्यालय ने निगरानी बढ़ा दी है।
पुलिस ने गुरुवार को लाउडस्पीकर के जरिए जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सार्वजनिक परिवहन में अतिरिक्त या अवैध एलपीजी सिलेंडर ले जाने से बचने और अफवाहें न फैलाने की अपील की।
उधर, दार्जिलिंग के सांसद राजू बिस्ता ने गैस उपलब्धता को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद शुक्रवार को बयान जारी किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल ) के अधिकारियों से बात की है, जिन्होंने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र के लिए पर्याप्त गैस स्टॉक उपलब्ध है।
भारतीय जनता पार्टी के सांसद श्री बिस्ता के अनुसार, उत्तर बंगाल में आमतौर पर प्रतिदिन लगभग 50,000 सिलेंडर बुकिंग की प्रक्रिया होती है। लेकिन हाल में उपभोक्ताओं द्वारा बार-बार बुकिंग करने से सिस्टम पर दबाव बढ़ गया और गुरुवार को बुकिंग सेवा अस्थायी रूप से बंद हो गई थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार से बुकिंग सेवाएं सामान्य हो गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित