प्रयागराज , अगस्त 23 -- उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रयागराज में तीन वीआईपी की सुरक्षा को और मजबूत करते हुए विधायक एवं भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की उपाध्यक्ष पूजा पाल, वासुदेवानंद सरस्वती महाराज और पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार को विशेष बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई है।

बताया जा रहा है कि एक जैकेट की कीमत करीब 10 लाख रुपये से अधिक है। ये जैकेट असॉल्ट राइफल से होने वाली गोलीबारी से बचाव के लिए इस्तेमाल की जाती हैं। इन तीनों में पूजा पाल का नाम सुरक्षा के लिहाज से सबसे ज्यादा चर्चा में है। उनके पति और तत्कालीन बसपा विधायक राजू पाल की वर्ष 2005 में हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के बाद से पूजा पाल लगातार अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग करती रही हैं। उन्होंने कई मौकों पर शासन को पत्र भेजकर माफिया और उनके गुर्गों से खतरे की आशंका भी जताई थी।

पूजा पाल को पहले से ही एस्कॉर्ट के साथ वाई-प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। उनके साथ प्रदेश के कई अन्य प्रमुख लोगों को भी इसी श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। इनमें मंत्री संजय निषाद, विधायक पंकज सिंह, पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र, पूर्व राज्यपाल फागू चौहान, महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा बिष्ट यादव, पूर्व डीजीपी एवं राज्यसभा सदस्य बृजलाल, पूर्व सांसद राजवीर सिंह और काशी के सतुआ बाबा शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित