लखनऊ , मई 12 -- वैश्विक परिस्थितियों और बढ़ती आर्थिक चुनौतियों के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने ऊर्जा बचत, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक अभियान शुरू करने की तैयारी की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मुख्य सचिव, डीजीपी तथा विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिवों और प्रमुख सचिवों के साथ उच्चस्तरीय बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि ईंधन की खपत कम की जाए और अनावश्यक रूप से सोने की खरीदारी से बचा जाए। उन्होंने कहा कि वैश्विक हालात को देखते हुए सभी को सतर्क और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की जरूरत है।

बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अन्य वीआईपी की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत तक कमी की जाए तथा काफिलों से अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए। उन्होंने मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने तथा "नो व्हीकल डे" मनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में "वर्क फ्रॉम होम" की संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए औद्योगिक विकास विभाग और आईआईडीसी को निर्देश दिया कि बड़े उद्योगों और स्टार्टअप्स को इसके लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा है कि जिन संस्थानों में बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं, वहां सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने के लिए एडवाइजरी जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने सरकारी बैठकों, सेमिनारों, कार्यशालाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अधिकाधिक वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने पर बल दिया। राज्य सचिवालय और निदेशालय की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकों को ऑनलाइन करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्यमंत्री ने पीएनजी, मेट्रो, बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि जिन शहरों में मेट्रो संचालित हो रही है वहां लोग निजी वाहनों के बजाय मेट्रो का उपयोग करें। साथ ही अधिक मांग वाले मार्गों पर सार्वजनिक परिवहन सेवाएं बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

ऊर्जा संरक्षण के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी और निजी भवनों में अनावश्यक बिजली की खपत रोकी जाए। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में रात 10 बजे के बाद सजावटी रोशनी का न्यूनतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने "पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना" के तहत रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए।

पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री ने अगले छह माह तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचने की अपील की। उन्होंने "विजिट माई स्टेट" अभियान चलाने तथा प्रदेश में डेस्टिनेशन वेडिंग, हेरिटेज टूरिज्म, ईको टूरिज्म और स्थानीय खानपान आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित