लखनऊ/ प्रयागराज , अक्टूबर 23 -- उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने 'विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा' की परीक्षा तिथि और दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि स्पेशल टीईटी की लिखित परीक्षा ती नवंबर को प्रदेश के छह प्रमुख मंडल मुख्यालयों प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ एवं आगरा में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा निर्धारित केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी, जिसमें प्रथम पाली पूर्वाह्न 09:30 बजे से 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली अपराह्न 02:30 बजे से 05:00 बजे तक आयोजित होगी। उल्लेखनीय है कि आयोग द्वारा इस परीक्षा हेतु आधिकारिक विज्ञापन 05 सितंबर 2026 को प्रकाशित किया गया था।
आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह ने जानकारी दी है कि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और समयबद्ध यात्रा प्रबंधन के मद्देनजर आवंटित परीक्षा जनपद का विवरण आयोग की अधिकृत वेबसाइट http://upessc.up. gov.in/ पर प्रदर्शित कर दिया गया है। संबंधित अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट के होमपेज पर दिए गए लिंक पर जाकर अपनी वांछित प्रविष्टियां (लॉगिन विवरण) अंकित करते हुए अपने आवंटित परीक्षा जनपद की अग्रिम जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
वेबसाइट पर प्रदर्शित यह विवरण केवल परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना है, इसे किसी भी स्थिति में प्रवेश पत्र न माना जाए। परीक्षा के लिये मूल प्रवेश पत्र दिनांक 31 अक्टूबर से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकेंगे। किसी भी अभ्यर्थी को वैध प्रवेश पत्र और निर्धारित पहचान पत्र के बिना परीक्षा केंद्र में सम्मिलित होने की अनुमति प्रदान नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित