नयी दिल्ली , अक्टूबर 24 -- चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश के विधान परिषद के आगरा मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन मतदान केद्रों पर 26 अक्टूबर को पुनर्मतदान के आदेश दिये हैं।

आयोग ने राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) को कहा है कि मतदान केंद्र संख्या 20, 21 और 26 पर शुक्रवार को हुए मतदान में गड़बड़ियों की शिकायत के बाद वहां की मतदान प्रक्रिया को निरस्त कर दिया गया है।

आयोग की ओर से राज्य के सीईओ को शनिवार को लिखे गये पत्र में इन मतदान केंद्रों पर सोमवार सुबह आठ बजे से चार बजे तक मतदान करने के आदेश दिये गये हैं। आयोग ने निर्देश दिया है कि ऐसे किसी अधिकारी को पुनर्मतदान के कार्य में तैनात नहीं किया जाए जो गड़बड़ी में संलिप्त रहे हों।

उत्तर प्रदेश के सीईओ से कहा गया है कि वह पुनर्मतदान की प्रक्रिया सही ढंग से पूरी होने के बाद इस निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना के लिए आयोग से फिर से अनुमति प्राप्त करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित