मैनपुरी , जून 14 -- उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष-महिला) राजकीय इंटर कॉलेज प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जनपद के चार परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।

परीक्षा को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं।

जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधिकारियों तथा कक्ष निरीक्षकों को पूरी सतर्कता और सजगता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास प्रभावी चेकिंग व्यवस्था और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी केंद्रों पर पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं तथा एंबुलेंस सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुंवर आर.सी. कन्या इंटर कॉलेज में 480 में से 134, पी.एम. राजकीय इंटर कॉलेज में 384 में से 96, श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में 344 में से 92 तथा सनातन धर्म इंटर कॉलेज में 480 में से 109 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।

जिला प्रशासन, केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की सतर्कता के चलते परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर ध्रुव शुक्ला, संध्या शर्मा, उपजिलाधिकारी शिव नरेश, अंजली सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित