लखनऊ , सितंबर 10 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल की मौजूदगी में तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान पीएम के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 25 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएगा और 'विकसित भारत 2047' के संकल्प को जनसंकल्प बनाएगा। सभी प्रभारी मंत्रियों को जनपदों और विधानसभाओं में जाकर तैयारियों की समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं।

शासन, मुख्यमंत्री कार्यालय और जिला स्तर पर त्रिस्तरीय समन्वय बनाया गया है। केंद्र के 12 और राज्य के 10 वर्षों के कार्यों का डेटा-बैंक तैयार है। अभियान से 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों को जोड़ा जाएगा, जिनमें 3.51 करोड़ ग्रामीण और 68 लाख शहरी परिवार हैं।

17 सितंबर को 'सेवा दिवस' पर शाम 7 बजे 'आशीर्वाद का दीया' जलाया जाएगा। इसी दिन विश्वकर्मा जयंती पर टूलकिट वितरण होगा। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूल-कॉलेजों में 'मेरे सपनों का भारत' चित्रकला और डिबेट प्रतियोगिताएं होंगी। नुक्कड़ नाटकों के जरिए 'नमो सेवा: अनकही कहानियां' गांव-गांव पहुंचेगी।

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर 'आंगन मिलन सेवा' में कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का सम्मान होगा। 'सेवा की कहानी' के तहत 25 लाख लाभार्थियों की 60 सेकंड की रील बनेंगी। 150 इन्फ्लुएंसर्स को राम मंदिर, काशी कॉरिडोर, एक्सप्रेसवे, डिफेंस कॉरिडोर का भ्रमण कराया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित