आजमगढ़ , जून 16 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "साइबर ठगी के जड़ में वार" के तहत आजमगढ़ पुलिस को आज बड़ी सफलता मिली है।

साइबर सेल और अहरौला पुलिस की संयुक्त टीम ने फर्जी फर्मों और बैंक खातों के जरिए देशभर में साइबर ठगी की रकम का लेन-देन करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में इनके खातों से जुड़ी 448 साइबर शिकायतें सामने आई हैं, जबकि पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये की संदिग्ध धनराशि फ्रीज कर पीड़ितों को राहत दिलाई है।

पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एटीएम कार्ड, फर्जी दस्तावेज, मोबाइल फोन, विदेशी सिम कार्ड समेत कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के दौरान समन्वय पोर्टल पर प्राप्त म्यूल खातों की जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिले। साइबर सेल की तकनीकी और वित्तीय जांच में पता चला कि भारतीय स्टेट बैंक में फर्जी फर्मों के नाम पर खोले गए करंट खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेन-देन में किया जा रहा था। एनसीआरपी पोर्टल पर इन खातों के संबंध में कुल 448 साइबर शिकायतें दर्ज मिलीं। जांच में यह भी सामने आया कि एक खाते में मात्र तीन दिनों के भीतर लगभग 40 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन हुआ था।

आजमगढ़ पुलिस ने बैंकों और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए करीब 10 लाख रुपये की धनराशि फ्रीज कराई। इसके बाद साइबर सेल और अहरौला पुलिस ने दुर्वासा मंदिर के पास घेराबंदी कर सुधाकर, नितिन मिश्रा, नवनीत सिंह और सुमित सिंह को गिरफ्तार कर लिया। यह सभी आरोपी आजमगढ़ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र के निवासी है ।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य फर्जी फर्म बनाकर बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से उनके नाम पर चालू खाता खुलवाते थे। भोले-भाले लोगों को लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते और फर्म खोलने के बाद पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल नंबर अपने कब्जे में ले लेते थे। साइबर ठगी से प्राप्त रकम इन खातों में मंगाकर उसे अन्य खातों में ट्रांसफर किया जाता था और बाद में गिरोह के सदस्यों में बांट लिया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह एटीएम/डेबिट कार्ड, कूटरचित मुहरें, फर्जी आधार, पैन व वोटर आईडी, दो ब्लैंक चेक, एक विदेशी सिम कार्ड, चार मोबाइल फोन, विभिन्न पहचान पत्र, एक महिंद्रा थार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

इस मामले में थाना अहरौला पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित