लखनऊ , अक्टूबर 25 -- महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर राज्य ललित कला अकादमी, संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश के द्वारा दिनांक 26 एवं 27 अक्टूबर, 2026 को अकादमी परिसर, लाल बारादरी भवन, निकट पुराना हाईकोर्ट, ललित कला अकादमी मार्ग, कैसरबाग, लखनऊ में दो दिवसीय लाइव चित्रकला शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

इस आयोजन का उद्देश्य महर्षि वाल्मीकि के जीवन, उनके महान साहित्यिक योगदान तथा भारतीय सांस्कृतिक परंपरा में उनके विशिष्ट स्थान को कला के माध्यम से अभिव्यक्त करना है। शिविर में आमंत्रित कलाकार अपनी रचनात्मक दृष्टि और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत एवं सामाजिक मूल्यों को चित्रों में साकार करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना तथा भारतीय परम्पराओं के संरक्षण एवं संवर्धन को निरन्तर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसी दृष्टिकोण के अनुरूप महर्षि वाल्मीकि जयंती जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर कला गतिविधियों का आयोजन समाज में सांस्कृतिक मूल्यों के प्रसार, विविध सामाजिक समुदायों के बीच सहभागिता तथा महापुरुषों के विचारों को जनमानस तक पहुँचाने का सार्थक माध्यम है।

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री जयवीर सिंह की प्रेरणा से प्रदेश की कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को व्यापक स्वरूप प्रदान करने तथा कलाकारों को सृजन के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस प्रकार के शिविर कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ भारतीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत को समकालीन कलात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करते हैं।

शिविर के दौरान कलाकारों द्वारा प्रत्यक्ष रूप से चित्रों का सृजन किया जाएगा, तथा सृजन प्रक्रिया का संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सजीव प्रसारण किया जाएगा जिससे कला-प्रेमियों को चित्र निर्माण की प्रक्रिया, कलाकारों की रचनात्मक दृष्टि तथा विभिन्न कलात्मक तकनीकों को समझने का अवसर मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित