लखनऊ , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए शनिवार को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों के साथ पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं के नाम जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। पात्र नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं से फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम शामिल करने की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए लखनऊ में विभिन्न मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र 173-लखनऊ पूर्व के मॉडर्न एकेडमी, विरामखंड और सेंट जॉन वास्को, विवेकखंड, गोमती नगर तथा विधानसभा क्षेत्र 169-बक्शी का तालाब के दिल्ली पब्लिक स्कूल, गोमतीनगर विस्तार स्थित मतदेय स्थल का भ्रमण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और वहां पहुंचे नागरिकों से बातचीत कर अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी बीएलओ निर्धारित समय पर मतदाता सूची, पूरक सूची और पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 के साथ बूथों पर मौजूद रहें।
अभियान के दौरान ऐसे पात्र नागरिकों के आवेदन भी कराए गए, जिनका नाम किसी कारणवश अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रह जाए ।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र नागरिक की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके लिए मतदाता सूची को लगातार अद्यतन और त्रुटिरहित बनाए जाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) और सामाजिक संगठनों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। सभी संबंधित पक्षों से मतदाता पंजीकरण अभियान में सहयोग करने की अपील की गई।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भी मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बूथों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, बीएलओ की उपस्थिति और पात्र नागरिकों से प्राप्त आवेदनों की स्थिति का जायजा लिया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम संबंधित बूथ की मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा कर सकता है।
फॉर्म-6 के लिए पात्र नागरिकों को नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो के साथ जन्म और निवास से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित प्रतियां देनी होंगी। यदि उपलब्ध हो तो परिवार के किसी सदस्य के मतदाता फोटो पहचान पत्र (इपिक) की संख्या भी दी जा सकती है।
मतदाता पंजीकरण के लिए नागरिक ऑनलाइन माध्यम का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित