लखनऊ , जुलाई 23 -- उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों से कहा है कि वे फील्ड में रहकर स्थिति की लगातार निगरानी करें तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएं। उन्होंने जनहानि, पशुहानि और संपत्ति के नुकसान का तत्काल आकलन कर प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर अनुमन्य राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे राहत कार्यों की नियमित समीक्षा करें और प्रभावित परिवारों के साथ लगातार संवाद बनाए रखें, ताकि उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि आकाशीय बिजली गिरने की आशंका होने पर घरों से बाहर न निकलें तथा अतिवृष्टि के दौरान नदियों और जलाशयों के आसपास जाने से बचें।

बयान के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और कुछ स्थानों पर नदियां चेतावनी निशान से ऊपर बह रही हैं। इसे देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित