लखनऊ , मार्च 17 -- उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 19 मार्च से प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होगा, जो 22 मार्च तक जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तरी पंजाब के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिणी हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से पिछले दो दिनों में तराई और आसपास के मध्य जिलों में रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक देखने को मिली थी। हालांकि अब यह गतिविधियां थम गई हैं।
वर्तमान में किसी सक्रिय मौसम प्रणाली के अभाव में 18 मार्च तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर बढ़ेगा।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 19 मार्च से पश्चिमी यूपी में बारिश की शुरुआत होगी, जो धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में फैल जाएगी। इस बारिश के चलते अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है और तापमान सामान्य या उससे नीचे पहुंच सकता है।
हाल ही में हुई बारिश के दौरान मुजफ्फरनगर में 7.2 मिमी, बिजनौर में 6.8 मिमी, सहारनपुर में 5.2 मिमी और संभल में 2.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखी गई, जहां नजीबाबाद में 12.5 डिग्री, मेरठ में 13.6 डिग्री, मुजफ्फरनगर में 14.8 डिग्री और अयोध्या में 15 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी में दिन का तापमान 33.1 डिग्री और रात का तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को यहां आसमान साफ रहने के साथ अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित