सुल्तानपुर/लखनऊ , अगस्त 15 -- आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुल्तानपुर जिले के जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय राहिलपारा का औचक निरीक्षण कर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में विद्यालय केवल कागजों पर संचालित दिखाए जा रहे हैं, जबकि वास्तविक स्थिति बेहद खराब है। श्री सिंह ने शनिवार को कहा कि प्रदेश में ''चंदा चोरी और चढ़ावा चोरी'' के बाद अब ''स्कूल चोरी'' का मामला सामने आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकारी अभिलेखों में विद्यालय संचालित दर्शाया जा रहा है, जबकि मौके पर स्कूल भवन पर ताले लटके मिले। उन्होंने इसे गंभीर अनियमितता बताते हुए कहा कि विद्यालय को अन्यत्र मर्ज किए जाने के बावजूद कागजों पर उसके संचालन का दावा किया जा रहा है।
आप सांसद ने विद्यालय परिसर की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि स्कूल का रसोईघर कबाड़खाने और नशेड़ियों के अड्डे में तब्दील हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय में बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है तथा हैंडपंप भी खराब पड़ा है।
उन्होंने कहा कि सरकार के रिकॉर्ड में विद्यालय सुचारु रूप से संचालित दिखाया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर बच्चों के भविष्य पर ताला लगा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में प्राथमिक शिक्षा की स्थिति लगातार खराब हो रही है और सरकार केवल आंकड़ों एवं प्रचार के माध्यम से वास्तविक स्थिति को छिपाने का प्रयास कर रही है।
प्रधानमंत्री के ''विकसित भारत-2047'' के संकल्प का उल्लेख करते हुए श्री सिंह ने सवाल उठाया कि यदि प्राथमिक विद्यालयों की यही स्थिति रही तो विकसित भारत का लक्ष्य कैसे हासिल होगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी कर देश के उज्ज्वल भविष्य की कल्पना नहीं की जा सकती।
उन्होंने प्रदेश सरकार से ऐसे सभी विद्यालयों की जांच कराने की मांग की, जिन्हें कागजों पर संचालित दिखाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा ग्रामीण भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने भी विद्यालय की बदहाल स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित