लखनऊ , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर चिंता जताते हुए स्पष्ट किया कि राज्य में डीजल-पेट्रोल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि आमजन घबराहट में अनावश्यक बुकिंग न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
गुरुवार को मुख्यमंत्री ने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर एलपीजी की मांग और आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश में कहीं भी कृत्रिम कमी पैदा न होने दी जाए और जिन उपभोक्ताओं ने गैस बुक कराई है, उन्हें नियमानुसार समयबद्ध तरीके से सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को अगली रिफिल की संभावित तिथि की जानकारी भी दी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति उतनी गंभीर नहीं है, जितना कि अफवाहों के माध्यम से प्रचारित किया जा रहा है। तेल कंपनियां प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आपूर्ति व वितरण की वास्तविक स्थिति से जनता को नियमित रूप से अवगत कराएं।
उन्होंने कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त रुख अपनाते हुए निर्देश दिया कि यदि कोई वितरक एजेंसी या व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। आवश्यकता पड़ने पर एलपीजी वितरक केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित