नोएडा , सितंबर 22 -- उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा सेक्टर 63 थाना पुलिस ने तीन माह की बच्ची के अपहरण की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में एक पुरुष समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।

पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को सेक्टर-63 थाना में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी तीन माह की पुत्री को दो महिला और एक अज्ञात पुरुष ले गये है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्ची की तलाश के लिए तत्काल कई पुलिस टीमों का गठन किया।

पुलिस टीमों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई। लगातार की गई कार्रवाई के बाद पुलिस ने आज कनावनी बस स्टैंड के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन माह की बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक पुरुष और दो महिलाएं हैं। गिरफ्तार आरोपियों के नमा अभय कुमार पुत्र महेन्द्र, निवासी ग्राम महथी, काजल उर्फ संगीता पत्नी अभय कुमार, मनीषा पत्नी राहुल ग्राम महथी थाना उजियापुर, समस्तीपुर, बिहार, वर्तमान निवासी ग्राम हैबतपुर, थाना बिसरख, गौतमबुद्धनगर है।

बच्ची के लापता होने की सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करने के साथ इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस का सहारा लिया। इन माध्यमों से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें कनावनी बस स्टैंड के पास से पकड़ लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित