लखनऊ , अप्रैल 02 -- उत्तर प्रदेश में 108 और 102 एम्बुलेंस सेवा संचालित करने वाली संस्था ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज द्वारा गुरुवार को ईएमटी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यरत इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र और प्रोत्साहन स्वरूप चेक प्रदान किए गए।
संस्था के प्रेसीडेंट टीवीएसके रेड्डी ने ईएमटी कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई व्यक्ति मेडिकल इमरजेंसी का सामना करता है, तब सबसे पहले ईएमटी ही मौके पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हैं और मरीज को सुरक्षित अस्पताल तक पहुंचाते हैं। उन्होंने ईएमटी को एम्बुलेंस सेवाओं का "असली हीरो" बताया।
ईएमटी दिवस के अवसर पर विभिन्न जिलों में जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी ईएमटी को सम्मानित किया। इस दौरान एम्बुलेंस कर्मियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और भविष्य में भी बेहतर सेवाएं देने का संकल्प लिया।
गौरतलब है कि ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज द्वारा 2 अप्रैल को राष्ट्रीय ईएमटी दिवस के रूप में घोषित किया गया है। इसका उद्देश्य आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में कार्यरत कर्मियों के योगदान को पहचान देना और उनका मनोबल बढ़ाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित