भदोही , जून 13 -- उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के भदोही विधायक जाहिद बेग ने कहा कि प्रदेश में सरकार व शासन-प्रशासन के बीच नूराकुश्ती का खेल चल रहा है, जहां बेलगाम अधिकारी मंत्रियों को विश्वास में लिए बिना स्वत: निर्णय लेकर जनहित विरोधी कार्य कर रहे हैं।

श्री बेग ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा कि मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आया कि ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को विश्वास में लिये बिना उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष डॉ आशीष कुमार गोयल ने 10 प्रतिशत अतिरिक्त सरचार्ज जनता पर थोप दिया। इतना ही नहीं पुराने कर्मचारियों को हटाकर जातिगत आधार पर मनमाने ढंग से नई नियुक्तियों की जा रही है।

उन्होंने कहा कि बगैर उर्जा मंत्री को विश्वास में लिए अधिकारियों द्वारा स्वयं: जन विरोधी निर्णय लेना पूरी तरह से असंवैधानिक है। दस प्रतिशत बिजली का सरचार्ज बढ़ाये जाने से आम उपभोक्ताओं के उपर अतिरिक्त अधिभार बढ़ गया है जबकि पहले से ही बिजली के निजीकरण और स्मार्ट मीटर के खिलाफ जनता सड़को पर है। ऐसी स्थिति में ऊर्जा मंत्री को अपनी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए त्याग पत्र दे देना चाहिए।

सपा विधायक ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री की कृपा से उत्तर प्रदेश में जो भी मंत्री बनाये गये है, वो सभी मंत्री मुख्यमंत्री योगी के निशाने पर हैं जबकि डा आशीष गोयल मुख्यमंत्री के कृपा पात्र है। बिना मुख्यमंत्री की सहमति के आशीष गोयल कुछ भी नहीं कर सकते है। ऐसी स्थिति में उर्जा मंत्री की नैतिकता बनती है कि मंत्री पद से इस्तीफा देकर हट जाएं। केन्द्र और प्रदेश की इस लड़ाई में जनता का भारी नुकसान हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित