लखनऊ , सितंबर 5 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े शनिवार को पहली बार लखनऊ पहुंचेंगे। उनके दो दिवसीय दौरे को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तावड़े दोपहर बाद लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
प्रदेश प्रभारी ने अपने स्वागत को लेकर सादगी का संदेश देते हुए कार्यकर्ताओं से भव्य स्वागत, होर्डिंग और रोड शो से दूरी बनाने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि "स्वागत नहीं, बूथ मजबूत करो।" इसके बाद एयरपोर्ट से प्रदेश भाजपा मुख्यालय तक उनके स्वागत में बड़े स्तर पर आयोजन की तैयारी नहीं की गई है।
लखनऊ पहुंचने के बाद तावड़े प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान प्रदेश में संगठन की मौजूदा स्थिति, बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा होगी। प्रदेश अध्यक्ष तथा संगठन महामंत्री के साथ वह संगठनात्मक फीडबैक भी लेंगे।
अपने दौरे के दौरान तावड़े मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से भी मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय, चुनावी तैयारियों तथा पार्टी के अभियानों को प्रभावी ढंग से जमीन तक पहुंचाने पर चर्चा होने की संभावना है।
श्री तावड़े के दौरे का प्रमुख फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर रहेगा। पार्टी नेतृत्व की ओर से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज की जा रही हैं।
सूत्रों की मानें तो नए प्रदेश प्रभारी का पहला लखनऊ दौरा संगठन की आगामी रणनीति की दिशा तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। दो दिवसीय दौरे में तावड़े पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के साथ संगठन की चुनौतियों और चुनावी तैयारियों का फीडबैक लेंगे। इसके आधार पर बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को और सक्रिय करने की रणनीति पर मंथन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित