लखनऊ , अक्टूबर 08 -- उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने प्रख्यात अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुये भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की है।
श्री कृष्ण ने यूपी पुलिस के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया, " पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ अभिनेता श्री नाना पाटेकर जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। अपने सशक्त और बहुआयामी अभिनय से उन्होंने भारतीय सिनेमा में विशिष्ट पहचान बनाई और दर्शकों के मन में अमिट छाप छोड़ी।यूपी पुलिस की साइबर जागरूकता लघु फिल्म स्कैम फाइल्स: डिजिटल अरेस्ट के लखनऊ में आयोजित लोकार्पण समारोह में उनकी गरिमामयी उपस्थिति के लिए मैं उनका हृदय से आभारी हूँ। वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के साथ उनकी यह प्रस्तुति उनकी अंतिम सार्वजनिक प्रस्तुति के रूप में सदैव स्मरणीय रहेगी।"उन्होने कहा, " शोकाकुल परिजनों और उनके असंख्य प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ। ॐ शांति।"गौरतलब है कि डिजिटल अरेस्ट के खिलाफ जागरूकता के मकसद से जनवरी 2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस ने साइबर ठगी और 'डिजिटल अरेस्ट' के खिलाफ लोगों को सतर्क करने के लिए एक शॉर्ट फिल्म जारी की थी, जिसमें नाना पाटेकर ने एक जागरूक नागरिक की मुख्य भूमिका निभाई थी।
हाल ही में नाना लखनऊ में उत्तर प्रदेश पुलिस के थीम सॉन्ग 'खाकी का सितारा' के लॉन्च कार्यक्रम में शामिल हुए थे जिसमें उन्होने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना की थी। उन्होंने कहा था कि फिल्मों के उलट असली पुलिसकर्मियों के पास 'रीटेक' का मौका नहीं होता और उन्हें कठिन परिस्थितियों में तुरंत फैसले लेने होते हैं।
ज्ञातव्य है कि गुरुवार तड़के 75 वर्ष की आयु में गोवा में दिल का दौरा पड़ने से नाना पाटेकर का निधन हो गया, जिस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़ी हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित