बारां , नवम्बर 04 -- उत्तर प्रदेश में मंडी सचिव पद पर नवनियुक्त अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राजस्थान में बारां कृषि उपज मंडी (धान मंडी) का अवलोकन किया।

इस दौरान व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष लश्करी ने प्रतिनिधिमंडल को मंडी की कार्यप्रणाली, कृषि जिंसों की नीलामी प्रक्रिया, पारदर्शी तुलाई और किसानों को समय पर भुगतान की व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

श्री लश्करी ने बताया कि बारां मंडी में किसान अपनी उपज लेकर आता है, जहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत खुली नीलामी से उसकी उपज का विक्रय किया जाता है। इसके बाद पारदर्शिता के साथ तुलाई करवाई जाती है और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाता है।

उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को व्यापार संघ कार्यालय का भ्रमण करवाते हुए डिजिटल पर्ची संग्रहण इकाई की कार्यप्रणाली भी समझाई। श्री लश्करी ने बताया कि मंडी में बिलों एवं चेक के आदान-प्रदान की प्रक्रिया किस प्रकार डिजिटल और पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बारां मंडी की व्यवस्थाओं की सराहना की।

इस अवसर पर श्री लश्करी ने नव नियुक्त मंडी सचिवों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मंडी सचिव का पदकेवल एक प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि किसानों के हक और हितों की रक्षा करने का महत्वपूर्ण दायित्व है। किसान पहले और व्यापार बाद में होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने मंडी व्यवस्थाओं के अवलोकन के लिए राजस्थान की बारां मंडी का चयन किया, यह बारां मंडी के लिए गौरव की बात है। इसके लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान बारां मंडी सचिव हरिमोहन बैरवा सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधिमंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित