लखनऊ , जून 19 -- उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) की 23वीं किस्त के रूप में 4352.40 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल से इस किस्त को जारी करेंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। यह धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से भेजी जाती है।
सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसानों को 23वीं किस्त का लाभ मिलेगा। इसके तहत उनके खातों में 4352.40 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे। इससे पहले मार्च 2026 में प्रधानमंत्री मोदी ने असम से योजना की पिछली किस्त जारी की थी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को गोरखपुर से की गई थी।
प्रदेश सरकार के अनुसार 22वीं किस्त तक उत्तर प्रदेश के किसानों को योजना के तहत कुल 99,032.58 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। शनिवार को 4352.40 करोड़ रुपये जारी होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 1,03,391.24 करोड़ रुपये हो जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को झांसी स्थित रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में किसानों के बीच मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर वह प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त वितरण कार्यक्रम से जुड़ेंगे तथा यूपी एग्रीज परियोजना के खरीफ संस्करण का शुभारंभ भी करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित