गौतमबुद्धनगर , जून 17 -- उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने जनपद में कार्यरत दैनिक श्रमिकों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को श्रमिकों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण स्थलों, औद्योगिक इकाइयों और अन्य कार्यस्थलों पर कार्यरत श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता दी जाये। उन्होंने अधिकारियों से श्रमिकों के आवासीय क्षेत्रों के निकट स्वास्थ्य जांच शिविर और चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित करने को कहा, ताकि वे आसानी से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों को श्रमिक बहुल क्षेत्रों की पहचान कर वहां नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाने तथा चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में श्रमिक बहुल क्षेत्रों का नक्शा तैयार किया जा रहा है, जिससे प्राथमिकता के आधार पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं और चिकित्सा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित