नई दिल्ली , अगस्त 5 -- दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली में पतंग उड़ाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले खतरनाक चीनी मांझे की बिक्री के खिलाफ चलाए गये अभियान के तहत अलग-अलग छापेमारी के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया है और प्रतिबंधित चीनी मांझे के 84 रोल जब्त किये हैं।

अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि ज्योति नगर पुलिस को नियमित गश्त के दौरान एक गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर उसने अशोक नगर की एक दुकान से प्रतिबंधित चीनी मांझे के 80 रोल बरामद किये।

दुकान के मालिक की पहचान ऋषभ जैन (24) के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ प्रतिबंधित चीनी मांझा रखने तथा बेचने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी।

पुलिस की पूछताछ में उसने कथित तौर पर उस स्रोत का खुलासा किया, जिससे उसने यह प्रतिबंधित मांझा प्राप्त किया था। पुलिस ने कहा कि आपूर्तिकर्ता की पहचान करने और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं। एक अन्य कार्रवाई में, नंद नगरी पुलिस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली की एक अन्य दुकान पर छापा मारा और प्रतिबंधित चीनी मांझे के चार रोल बरामद किये।

दुकान का मालिक दिल्ली निवासी आमिर खान (32) है। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि दोनों कार्रवाइयां प्रतिबंधित चीनी मांझे की बिक्री और भंडारण पर जारी कार्रवाई के तहत विशिष्ट जानकारी के आधार पर की गयीं। चीनी मांझे को पैदल चलने वालों, वाहन चालकों, पक्षियों और जानवरों के लिए पैदा होने वाले खतरे के कारण प्रतिबंधित किया गया है।

पुलिस ने आगे कहा कि दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित