जयपुर , अगस्त 01 -- उत्तर पश्चिम रेलवे ने उसके जयपुर मंडल में कार्यरत यशवीर सिंह को राष्ट्रमंडल खेलों में भाला फेंक (जैवलिन थ्रो) प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

यशवीर सिंह ने राष्ट्रमंडल खेल-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम गौरवान्वित किया है। उत्तर पश्चिम रेलवे सूत्रों के अनुसार यशवीर सिंह वर्तमान में उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल के किशनगढ़ स्टेशन पर वाणिज्य सह टिकट क्लर्क (सीसीटीसी) के पद पर कार्यरत हैं। अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और अथक मेहनत के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पदक अर्जित किया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल भारतीय खेल जगत, बल्कि रेलवे का भी मान बढ़ाया है।

यशवीर सिंह के कोच राय सिंह हैं जिनका मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण इस सफलता के पीछे महत्वपूर्ण रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने यशवीर सिंह को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य तथा आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सफलताओं की कामना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित