इस्लामाबाद , नवंबर 04 -- पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को पुलिस की कार्रवाई में आत्मघाती हमले की तैयारी कर रहे एक व्यक्ति समेत दो आतंकवादी मारे गए, जबकि एक अन्य घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, अशांत लक्की मरवत जिले में गुप्त सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने अभियान शुरू किया था। इस दौरान 'फितना अल-खवारिज' से जुड़े आतंकवादियों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आतंकवादी मारे गए, जबकि तीसरा घायल होने के बाद फरार हो गया।

पाकिस्तानी सुरक्षा बल तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से जुड़े आतंकवादियों के लिए 'फितना अल-खवारिज' शब्द का इस्तेमाल करते हैं।

प्रांतीय पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हमीद ने संवाददाताओं को बताया कि आतंकवादियों को निष्क्रिय कर सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर किए जाने वाले एक आतंकवादी हमले की साजिश नाकाम कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित