भीलवाड़ा , अगस्त 16 -- राजस्थान बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में जयपुर में दो से छह सितंबर तक उत्तर क्षेत्र अंतरराज्यीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

आयोजन सचिव अभिषेक शर्मा ने रविवार को यहां पत्रकारों को बताया कि पांच दिवसीय इस प्रतियोगिता में उत्तर भारत के सात राज्यों की टीमें शिरकत करेंगी। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन दो सितम्बर को शाम छह बजे केंद्रीय मंत्री एवं राजस्थान बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे। समारोह में सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक गोपाल खंडेलवाल, अशोक कोठारी, उदयलाल भड़ाना, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, जिंदल सा लिमिटेड के निदेशक नरेन्द्र मंत्री, संगम समूह के अध्यक्ष रामपाल सोनी अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

श्री शर्मा ने बताया कि जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आधार पर चयनित राजस्थान टीम का शिविर भीलवाड़ा में 29 अगस्त से लगाया जाएगा। टीम को पूर्व जूनियर राष्ट्रीय कोच संजीव सचदेवा, कोच यादवेन्द्र सिंह और गरिमा शर्मा प्रशिक्षण देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित