अगरतला , अक्टूबर 22 -- उत्तरी त्रिपुरा के धर्मनगर में त्रिपुरा-असम सीमा पर स्थित बरुआकांडी गांव में हुए दोहरे हत्याकांड के दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एक टीम ने गुरुवार की सुबह गांव के एक घर में छापा मारा और मुख्य संदिग्धों में से एक राहुल दास (37) को पकड़ लिया। पुलिस ने 20 अक्टूबर को हुई इस घटना के तुरंत बाद मुख्य आरोपी बिजन दास को गिरफ्तार कर लिया था, जो बाद में गंभीर रूप से घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती है।

इस मामले में शामिल दो अन्य लोग अभी भी फरार हैं। देवानपाशा गांव के रहने वाले दो भाई जयदीप रॉय चौधरी और शुभजीत रॉय चौधरी दुर्गा पूजा के दौरान पंडाल घूमने निकले थे, तभी उनके गांव में उन पर हमला कर दिया गया। बिजन दास को भी इस हमले के दौरान गंभीर चोटें आयी।

पीड़ितों के पिता समीरन रॉय चौधरी ने शिकायत दर्ज करायी है कि उनके बेटों ने 19 अक्टूबर को एक स्थानीय विवाद को सुलझाने की कोशिश की थी, जिसके बाद बिजन दास ने अगले दिन उन्हें कई बार फोन करके उन्हें धमकियां दीं। उसके अगले दिन शाम को दोनों भाई बरुआकांडी में एक मैरिज हॉल के पास मृत पाये गये।

उत्तरी त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अविनाश राय ने बताया कि इस नृशंस हत्या के पीछे पैसों का विवाद हो सकता है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि पैसों को लेकर हुए विवाद के हिंसक रूप लेने के बाद बिजन दास ने चाकू से दोनों भाइयों पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि जांच के नतीजे बताते हैं कि इस दोहरे हत्याकांड के पीछे पैसों के लेन-देन से जुड़ा विवाद मुख्य कारण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित