नैनीताल , फरवरी 19 -- उत्तराखंड में न्यायालयों में बम की धमकी आने का सिलसिला जारी है। गुरूवार को भी यह सिललिसा जारी रहा और उत्तराखंड उच्च न्यायालय के साथ ही नैनीताल और चंपावत जिला अदालतों को धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। उच्च न्यायालय में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है।
उच्च न्यायालय को रजिस्ट्रार कार्यालय के आफिसियल ई-मेल पते पर धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। इसके बाद हड़कंप मच गया। आनन फानन में जिला पुलिस को सूचना दी गयी।
पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा0 मंजूनाथ टीसी, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्रा और पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल दल बल के साथ मौके पर पहंुचे। इस दौरान सभी अदालतों में न्यायिक कार्य बाधित हो गया।
इस दौरान सभी न्यायालयों में नियमित दिनों की भांति न्यायिक कार्य चल रहा था। पुलिस ने सभी न्यायालयों को खाली करवा लिया। श्वान और बम निरोधक दस्तों की ओर से सभी अदालतों और पूरे परिसर की तलाशी ली गयी। अंत में कुछ नहीं मिला। भोजनावकाश के बाद पुलिस की रिपोर्ट के बाद न्यायिक कार्य पुनः शुरू हो पाया।
इसके अलावा नैनीताल और चंपावत जिला अदालतों को भी आज धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए। नैनीताल जिला कोर्ट को तीसरी दिन भी धमकी मिली है। आज पुलिस की एक टीम ने जिला अदालत में भी तलाशी ली। चंपावत में भी पुलिस अलर्ट पर रही और श्वान और बम निरोधक दस्ते की ओर से पूरे न्यायालय परिसर की तलाशी ली गयी।
आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है। एसटीएफ केन्द्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय बना कर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सभी प्रकरणों में डार्क वेब ब्राउजर का उपयोग किया गया है। जांच एजेंसी आईपी एड्रेस का पता लगाने में जुटी हैं। उन्होंने बताया कि कुछ का लिंक देश के बाहर से है।
आईजी ने आगे कहा कि उच्च न्यायालय की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। पुलिस, पीएसी के साथ ही एटीएस को सुरक्षा में लगाया गया है। सभी द्वारों पर मैटल डिटेक्टर लगाये जा रहे हैं। हाईकोर्ट बार की पुष्टि के बाद ही वादधारकों को हाईकोर्ट परिसर में प्रवेश दिया जायेगा।
एसएसपी श्री मंजूनाथ के अनुसार अभी तक तीन मामले दर्ज किये गये हैं। उच्च न्यायालय को धमकी मिलने के मामले में भी मल्लीताल पुलिस में अभियोग पंजीकृत कर जांच की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित