नैनीताल , अक्टूबर 27 -- उत्तराखंड के 25वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से मंगलवार को विभिन्न इंडोर खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ।

हाईकोर्ट बार सभागार में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय ने संयुक्त रूप से कैरम शॉट लगाकर किया।

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की इस पहल का उद्देश्य अधिवक्ताओं के बीच खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही उन्हें शारीरिक रूप से सक्रिय और स्वस्थ रहने के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिताओं में हाईकोर्ट के वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिवक्ता विभिन्न श्रेणी में प्रतिभाग कर रहे हैं।

इस प्रतियोगिता के तहत बैडमिंटन, कैरम, शतरंज और गोल्फ से संबंधित खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ये प्रतियोगिताएं पांच नवंबर तक चलेंगी। अंतिम दिन विजेताओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाएगा।

कार्यक्रम में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत, महासचिव सौरभ अधिकारी और कार्यकारिणी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित