नयी दिल्ली , अगस्त 08 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया है उत्तराखंड की भाजपा सरकार से जनता त्रस्त है और लोग बदलाव चाहते हैं इसलिए उन्हें पूरा विश्वास है कि उत्तराखंड से कांग्रेस की विजय का शंखनाद शुरू होगा और अगले विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में उनकी पार्टी की सरकार बनेगी।

श्री खरगे ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में शनिवार को जनसभा को संबोधित करने के बाद सोशल मीडिया एक्स पर लिखा "उत्तराखंड को देवभूमि के नाम से जाना जाता है और यह वीरों की भूमि भी है। इस पावन भूमि को मैं नमन करता हूं। कुमाऊं और गढ़वाल रेजिमेंट पूरे देश में प्रसिद्ध हैं। इसी धरती से निकले एक वीर सपूत को देश का पहला परमवीर चक्र मिला था। इसलिए उत्तराखंड के लोग गर्व से कह सकते हैं कि वे देश की रक्षा करने वाले लोगों की भूमि से आते हैं।"उन्होंने कहा कि 1942 में कांग्रेस ने 'भारत छोड़ो' का ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया था और महात्मा गांधी ने देश को 'करो या मरो' का मंत्र दिया था। आज भी देश एक ऐसे मोड़ पर खड़ा है, जहां संविधान की भावना, लोकतंत्र की मर्यादा और समाज की एकता की रक्षा की चुनौती सामने है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित