देहरादून , जून 05 -- उत्तराखंड के विभिन्न विद्यालयों, कार्यालयों तथा अन्य विभागों में सम्बद्ध एवं प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत सभी शिक्षकों को आगामी 30 जून तक अपने मूल विद्यालयों में लौटना होगा। राज्य सरकार ने इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को सभी प्रकार के अटैचमेंट समाप्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अन्य कार्यालयों में तैनात शिक्षणेत्तर कार्मिकों के सम्बद्धीकरण (अटैचमेंट) आदेश भी निरस्त किये जायेंगे।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि राजकीय विद्यालयों में मानव संसाधनों के प्रभावी उपयोग और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सरकार कड़े कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से विभिन्न विद्यालयों, विभागीय कार्यालयों और अन्य संस्थानों में सम्बद्ध अथवा प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत शिक्षकों को अपने मूल विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को शिक्षण कार्य करना होगा।

उन्होंने विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस महीने के अंत तक सभी शिक्षकों के अटैचमेंट समाप्त कर उन्हें तत्काल प्रभाव से विद्यालयों में भेजा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर जो शिक्षक अपने मूल तैनाती स्थल पर वापस नहीं लौटेंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जायेगी।

डॉ. रावत ने कहा कि अधिकांश अटैचमेंट केवल एक शैक्षणिक सत्र के लिए किए गए थे लेकिन कई शिक्षक और कर्मचारी वर्षों से अपने मूल विद्यालयों से दूर कार्यरत हैं। इसका प्रतिकूल प्रभाव विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों पर पड़ा है तथा शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित