देहरादून , अप्रैल 28 -- उत्तराखंड विधानसभा का आज एक दिवसीय विशेष सत्र देहरादून स्थित विधान भवन में होगा जिसमें नारी सम्मान-लोकतंत्र में अधिकार पर चर्चा की जाएगी।
इस विषय पर सदन के अंदर और बाहर दोनों स्थानों पर विपक्ष का हल्ला बोल होना निश्चित हो चुका है।
सुबह 11:00 बजे सदन की कार्यवाही का शुभारम्भ "वन्दे मातरम्" के साथ होगा। इसके बाद विधान सभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन नियमावली, 2005 के नियम-315 के खण्ड (22) के अन्तर्गत अध्यक्ष द्वारा घोषणायें, यदि कोई होंगी तो उस पर चर्चा की जाएगी। फिर कार्य मंत्रणा समिति की सिफारिश के अनुरूप नारी सम्मान-लोकतंत्र में अधिकार पर चर्चा की जाएगी।
इस दौरान, प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने सदन में सत्तारूढ़ केन्द्र और राज्य सरकार का तत्संबंधी संविधान संशोधन विधेयक पर लोकसभा में किए गए विरोध की तरह अपना व्यवहार करने की तैयारी की है। साथ ही, महिला कांग्रेस ने सदन के घेराव की तैयारी की है।
सत्तारूढ़ दल के सदस्य लोकसभा व विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए केंद्र सरकार की ओर से लाए नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन के प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। साथ ही महिला आरक्षण बिल को अटकाने पर विपक्षी दलों की भूमिका पर सवाल खड़े करेंगे। चर्चा के दौरान ही सरकार ओर से निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित