ऋषिकेश , अक्टूबर 24 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग परियोजना को लेकर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शनिवार को मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) और नगर निगम के अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस परियोजना में 1050 वाहनों की पार्किंग क्षमता प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, निर्धारित समयसीमा और श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने पार्किंग परिसर में नगर निगम के हिस्से में पूजा स्थल की व्यवस्था को लेकर जानकारी ली। अधिकारियों ने वहां हॉल निर्माण की योजना बताई, जिस पर उन्होंने हॉल के साथ मंदिर निर्माण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए डॉ. अग्रवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई करने को कहा। अधिकारियों ने पेयजल लाइन के कारण निर्माण कार्य प्रभावित होने की जानकारी दी। इस पर उन्होंने जलकल अभियंता अरुण रावत से फोन पर वार्ता कर लाइन को जल्द हटाने के निर्देश दिए। पार्किंग स्थल के समीप स्थित पानी की टंकी से लंबे समय से हो रहे रिसाव पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और पेयजल की बर्बादी रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।

इसी कड़ी में उन्होंने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता वीके सिंह से फोन पर वार्ता कर निर्माण स्थल पर स्थित ट्रांसफार्मर को शीघ्र हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर के कारण रैंप निर्माण में बाधा आ रही है। ऐसे में संबंधित विभाग आपसी समन्वय से समस्या का जल्द समाधान सुनिश्चित करें, ताकि परियोजना का काम गति पकड़ सके।

डॉ. अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्य को तय समयसीमा में पूरा करने के साथ निर्माण स्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने बताया कि 1050 वाहनों की क्षमता वाली यह बहुमंजिला पार्किंग ऋषिकेश की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। धार्मिक और पर्यटन नगरी होने के कारण ऋषिकेश में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में आधुनिक पार्किंग सुविधा शहर की जरूरतों को पूरा करने के साथ यातायात दबाव कम करने में सहायक होगी।

डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में ऋषिकेश में विकास कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने बताया कि उनके कैबिनेट मंत्री रहते हुए इस बहुमंजिला पार्किंग परियोजना को स्वीकृति दिलाई गई थी। उन्होंने कहा कि परियोजना का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ ऋषिकेश आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा शहर की पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करना है।

निरीक्षण के दौरान एमडीडीए के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, कनिष्ठ अभियंता सुनील उप्रेती, नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला, कनिष्ठ अभियंता संदीप रतूड़ी, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, पूर्व पार्षद शिवकुमार गौतम, सोनू पाण्डे, पवन गोयल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित