हरिद्वार , मार्च 13 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने शुक्रवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 6.64 ग्राम स्मैक और नकदी बरामद की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने गश्त के दौरान गैस प्लांट चौकी क्षेत्र से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 6.64 ग्राम अवैध स्मैक तथा स्मैक बिक्री से प्राप्त 1000 रुपये नकद बरामद हुए। पकड़े गए आरोपी की पहचान हाशिम पुत्र मुन्ना निवासी मोहल्ला जाटवपुरी, थाना पुराना, जिला फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी ग्राम दादूपुर गोविंदपुर, कोतवाली रानीपुर के रूप में हुई है। बताया गया है कि आरोपी पूर्व में चोरी के एक मामले में जेल भी जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित