नयी दिल्ली , अक्टूबर 12 -- उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चौथे चरण के तहत राज्य में सड़क एवं सेतु निर्माण के प्रस्तावों पर चर्चा की।

केंद्रीय मंत्री ने 315 मोटर मार्गों और 32 सेतुओं के निर्माण प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति देने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इन प्रस्तावों के तहत 1,777 किलोमीटर लंबाई की 315 सड़कों के निर्माण पर 2,526 करोड़ रुपये और 32 सेतुओं के निर्माण पर 182 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस तरह कुल 2,708 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश की 610 बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि उत्तराखंड की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क संपर्क का विशेष महत्व है। प्रस्तावित परियोजनाओं से विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने, मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने और ग्रामीणों को रोजगार एवं आजीविका के अवसरों से जुड़ने में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। साथ ही स्थानीय उत्पादों की आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार, उद्यमिता तथा पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में राज्य में ग्रामीण सड़क नेटवर्क के विस्तार से जुड़े 213 अतिरिक्त सड़क कार्यों के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। इनकी कुल लंबाई 1,360 किलोमीटर है। केंद्रीय मंत्री चौहान ने इन प्रस्तावों पर भी शीघ्र स्वीकृति के लिए विचार करने का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित