देहरादून , जुलाई 10 -- राजस्थान के कोटा के बाद अब कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी उत्तराखंड के देहरादून में ''छात्रों की गूंज'' कार्यक्रम का आगामी 17 जुलाई को उद्घोष करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डाॅ0 प्रतिमा सिंह ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 17 जुलाई को होने वाले ''छात्रों की गूंज'' कार्यक्रम की तैयारी के सम्बन्ध में आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। उन्होंने बताया कि उपस्थित सभी कांग्रेस नेताओं ने अपने-अपने सुझाव दिये तथा कार्यक्रम को भव्य रूप से आयोजन करने का कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष श्री गोदियाल ने कहा कि ''छात्रों की गूंज'' कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा जिसका संदेश प्रत्येक युवा तक पहुंचाने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि देश एवं प्रदेश की भाजपा सरकारों ने देश एवं प्रदेश के युवकों का भविष्य चैपट कर दिया है। उच्च शिक्षा के बावजूद प्रदेश के नौजवानों को रोजगार के लिए उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने सभी युवा साथियों से भी कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का आह्वान किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित