टिहरी , जुलाई, 29 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित "सरकार जनता के द्वार" अभियान के तहत बुधवार को विकासखंड देवप्रयाग के ग्राम बोरगांव में जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित किया गया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.के. शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

शिविर के दौरान ग्राम पंचायत चिलपड़ की प्रधान अंजनी देवी ने गांव की पुरानी एवं जर्जर विद्युत लाइन बदलने तथा नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग की। ग्रामीणों ने बोरगांव से चमराड़ा देवी तक सड़क निर्माण, पेयजल भंडारण के लिए टंकी निर्माण तथा विद्यालय में क्षतिग्रस्त फर्श की मरम्मत कराने की आवश्यकता भी प्रमुखता से उठाई।

इस अवसर पर दो वृद्धावस्था पेंशन एवं दो दिव्यांग पेंशन से संबंधित शिकायतें भी दर्ज की गईं। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सभी शिकायतों एवं मांगों का नियमानुसार परीक्षण कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.के. शर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत, कृषि विभाग के विशाल, उद्यान विभाग की वंशिका, शिक्षा विभाग के जगमोहन सिंह एवं ओंकार सिंह, वन विभाग के बिजेंद्र, प्रकाश सिंह, विनोद कुमार एवं ओमप्रकाश, पीएमजीएसवाई तथा राजस्व विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित