पौड़ी गढ़वाल , मार्च 21 -- उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले "जन-जन की सरकार - चार साल बेमिसाल" कार्यक्रम को लेकर पौड़ी गढ़वाल में तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) गिरीश गुणवंत ने शनिवार को विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और समयबद्ध तैयारी के निर्देश दिए।
सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करें, ताकि कार्यक्रमों का सफल एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सरकार द्वारा पिछले चार वर्षों में किए गए विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना है।
बैठक में जानकारी दी गई कि सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित राजकीय प्रेक्षागृह में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने विकास खंड कार्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां एक ही स्थान पर आमजन को योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। अधिक से अधिक विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
तीन दिवसीय कार्यक्रमों में चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, दिव्यांगजनों के लिए विशेष कैम्प एवं उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिलाओं और बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे, जिससे उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए जनपद मुख्यालय पर मैराथन एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी प्रस्तावित है। वहीं 23 मार्च को मुख्य कार्यक्रम स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, लोक नृत्य, लोक गायन एवं पारंपरिक कलाओं की झलक देखने को मिलेगी।
सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रमों में भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित