देहरादून , जुलाई 20 -- उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों से लगातार जारी बारिश से आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों भी ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है। इस दौरान, विभिन्न दुर्घटनाओं में तीन व्यक्तियों और पशुओं की मौत होने के अलावा, कई लोग और पशु घायल हुये हैं।
राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र के अनुसार पिछले 24 घण्टे में प्राकृतिक आपदा, सड़क दुर्घटना आदि की सोमवार प्रातः 09:30 बजे तक की अद्यतन जानकारी दी गई है। जिसके अनुसार, जनपद नैनीताल में रविवार सोमवार रात्रि लगभग 12:54 बजे तहसील हल्द्वानी अन्तर्गत, ट्रांसपोर्ट नगर के पास एक अज्ञात कार द्वारा पैदल चल रहे व्यक्ति को टक्कर मारने से उसकी मृत्यु हुई है।
इसके बाद जनपद चमोली में रात लगभग 1:00 बजे वर्षा होने से तहसील नारायणबगड़ बाजार में 6-7 दुकानों में पानी और मलवा घुस गया। इसमें जनहानि की सूचना नहीं है। राजस्व टीम घटना स्थल पर क्षति का आंकलन कर रही है। जबकि बीआरओ द्वारा मलवा को हटाने का कार्य किया जा रहा है।
इसके अलावा आज प्रातः लगभग 9:00 बजे तहसील चमोली के अंतर्गत स्थान कुहेड में एक गौशाला के ऊपर बोल्डर आने की सूचना प्राप्त हुई है। जिसमें कुछ पशु दबने को सूचना है। पटवारी तथा डी.डी.आर.एफ. की टीम घटना स्थल के लिए गई है।
जनपद पिथौरागढ़ में आज प्रातः लगभग छह बजे तहसील गंगोलीहाट के लाली वार्ड में एक आवासीय भवन के पीछे दीवार से एक पत्थर घर के अंदर घुसने की सूचना प्राप्त हुई। जिसमें जनहानि एवं पशु हानि की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। घटना स्थल पर राजस्व टीम मौजूद है। जबकि जनपद की धारचूला तहसील अन्तर्गत ग्राम फू, स्थान पोथिला तोक में रविवार शाम लगभग 05:30 बजे एक व्यक्ति दीवान सिंह (52) पुत्र रणजीत सिंह की जंगल में बकरियों को चराते समय आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु हो गई।
जनपद टिहरी में रविवार सांय लगभग 06:00 बजे तहसील प्रतापनगर अन्तर्गत लम्बगांव मोटर मार्ग पर ग्राम खोलगढ़ के समीप एक कार के अनियंत्रित होकर 200 मीटर नीचे खाई में गिरने से दुर्घटनाग्रस्त हुई। वाहन में सिर्फ वाहन चालक था, जिन्हें 108 के माध्यम से सी०एच०सी० यौण्ड ले जाया गया जहां चिकित्सकों द्वारा उक्त घायल व्यक्ति होशियार सिंह (38) पुत्र स्व० उम्मेद सिंह पंवार, निवासी ग्राम खोलगढ़ वल्ला पट्टी, ओण थाना लम्बगांव टिहरी गढ़वाल को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि रविवार को ही प्रातः लगभग 11:00 बजे तहसील पावकीदेवी के अन्तर्गत ऋषिकेश-कीर्ति नगर मोटर मार्ग पर एक कार के ऊपर पेड़ गिरने से दुर्घटनाग्रस्त हुआ। जिससे वाहन में सवार एकमात्र व्यक्ति मुकेश पुत्र जिले सिंह, निवासी कुल कॉलोनी, थाना जानी, जिला मेरठ, उत्तर प्रदेश को घायल अवस्था में रेस्क्यू किया गया है।
जनपद चम्पावत में आज प्रातः 4:20 बजे लगभग तहसील पूर्णागिरी (टनकपुर क्षेत्रांर्गत) एनएच-09 टनकपुर (छोटी पुलिया) के पास एक कार के अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई। वाहन में कुल 04 लोग सवार थे। इनमें एक व्यक्ति घायल हुआ है, जबकि अन्य तीन सुरक्षित हैं। जनपद-रूद्रप्रयाग में कल अपराह्न 01:38 बजे संकराडी खाकरा पीपली मार्ग पर एक पिकअप वाहन के अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिरने से कुल 03 व्यक्ति (02 महिलाएं एवं 01 पुरुष) के घायल होने एवं एक भैंस की मृत्यु हो गई। सभी घायल स्थानीय हैं। जिन्हें उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित