हरिद्वार , अप्रैल 25 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में शत-प्रतिशत राजस्व लक्ष्य प्राप्त करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय राजस्व संवर्धन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने लक्ष्य पूर्ति के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया।

बैठक में वन, आबकारी, परिवहन, राज्य कर, खनन, विद्युत, स्टाम्प एवं पंजीकरण, पर्यटन और सिंचाई विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा वर्ष 2026 के लिए स्पष्ट रणनीति तैयार कर राजस्व संग्रह में वृद्धि सुनिश्चित करें।

आबकारी विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि जनपद में अवैध एवं कच्ची शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। इसके लिए पुलिस और राजस्व विभाग के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

परिवहन विभाग को सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने तथा उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं खनन विभाग को अवैध खनन के विरुद्ध सख्त निगरानी रखते हुए नियमित छापेमारी कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ ही लक्ष्य प्राप्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता दीपक सैनी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा, एआरटीओ रुड़की जितेन्द्र चन्द, जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित