चम्पावत , अगस्त 07 -- उत्तराखंड के युवाओं में पर्वतारोहण कौशल विकसित करने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा साहसिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने वर्ष 2026 के सितंबर-अक्टूबर माह में आयोजित होने वाले पर्वतारोहण अभियानों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी श्रीमती लता बिष्ट ने बताया कि इस वर्ष तीन पर्वतारोहण अभियानों के लिए कुल 33 पर्वतारोहियों का चयन किया जाएगा। प्रत्येक दल में 11 प्रतिभागी शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि 6,316 मीटर ऊंचे माउंट भागीरथी-II तथा 6,349 मीटर ऊंचे माउंट पंचाचुली-I के लिए केवल पुरुषों के अभियान आयोजित किए जाएंगे, जबकि 6,252 मीटर ऊंचे माउंट स्वर्गारोहिणी-I पर केवल महिलाओं का विशेष (ऑल वुमेन) अभियान प्रस्तावित है।

अभियान में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स (BMC) और एडवांस माउंटेनियरिंग कोर्स (AMC) में 'ए' ग्रेड होना अनिवार्य है। साथ ही आवेदक की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए और उसने उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद द्वारा पूर्व में आयोजित किसी पर्वतारोहण अभियान में भाग न लिया हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित