रामनगर , मार्चा 11 -- उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर ने प्रदेश के सभी राजीव गांधी नवोदय विद्यालयों में कक्षा छह में प्रवेश तथा कक्षा सात, आठ, नौ और ग्यारह में पार्श्व प्रवेश के लिए वर्ष 2026 की प्रवेश परीक्षा आगामी 15 मार्च, रविवार को आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह परीक्षा राज्य के सभी विकासखंडों में बनाए गए 110 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी।

परिषद के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि कक्षा छह, सात और आठ के लिए परीक्षा का समय पूर्वाह्न ग्यारह बजे से अपराह्न एक बजे तक निर्धारित किया गया है, जबकि कक्षा नौ और ग्यारह के लिए परीक्षा पूर्वाह्न ग्यारह बजे से अपराह्न एक बजकर तीस मिनट तक आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि कक्षा छह में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की आयु एक अप्रैल 2026 को नौ से तेरह वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अनुसार अभ्यर्थी का जन्म एक अप्रैल 2013 से 21 मार्च 2017 के बीच होना आवश्यक है।

कक्षा सात और आठ में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की आयु एक अप्रैल 2026 को ग्यारह से चौदह वर्ष के मध्य होनी चाहिए, अर्थात अभ्यर्थी का जन्म एक अप्रैल 2012 से 21 मार्च 2015 के बीच होना चाहिए।

कक्षा नौ में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की आयु एक अप्रैल 2026 को 14 से 16 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है, जिसके अनुसार अभ्यर्थी का जन्म एक अप्रैल 2010 से 21 मार्च 2012 के बीच होना चाहिए। वहीं कक्षा ग्यारह में प्रवेश के लिए आयु सीमा 16 से 18 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसमें अभ्यर्थी का जन्म एक अप्रैल 2008 से 21 मार्च 2010 के बीच होना अनिवार्य है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्रों का वितरण उपखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों के माध्यम से किया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा तिथि 15 मार्च को प्रातः दस बजे तक अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश पत्र के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करें।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी पात्र अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र प्राप्त नहीं होता है अथवा वह खो जाता है, तो वह परीक्षा तिथि 15 मार्च को प्रातः नौ बजे तक अपने परीक्षा केंद्र पर एक नवीनतम पासपोर्ट आकार का छायाचित्र लेकर पहुंचकर निःशुल्क नया प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित