देहरादून , अप्रैल 25 -- उत्तराखंड के देहरादून जनपद अंतर्गत थाना त्यूणी क्षेत्र में शनिवार सुबह मिनी ट्रक गहरी खाई में जा गिरा।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने वाहन से चालक का शव बरामद किया है। एसडीआरएफ के प्रवक्ता ने बताया कि आज सुबह लगभग 06:04 बजे स्थानीय लोगों द्वारा टीम को सूचना दी गयी कि हटाल तथा फिडिज पुल के मध्य एक वाहन गहरी खाई में गिर गया है। सूचना प्राप्त होते ही बचाव दल त्यूणी से आरक्षी बलवंत सिंह के नेतृत्व मे आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पहुंची। जहां ज्ञात हुआ कि वाहन यूके 07सीडी 5049 लगभग 200 से 250 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ है। वाहन में केवल एक ही व्यक्ति चालक सवार था, जिसकी मौके पर ही मृत्यु हो गयी।
उन्होंने बताया कि टीम द्वारा त्वरित बचाव अभियान चलाते हुए खाई से वाहन चालक का शव बरामद किया गया। शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मृतक की पहचान विपिन सिंह (30) के तौर पर हुई है। वह उत्तरकाशी में भद्रासु का निवासी था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित