नैनीताल , अप्रैल 05 -- उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) ने प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के खिलाफ मजबूत क्षेत्रीय विकल्प तैयार करने की दिशा में अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में 'उत्तराखंड जन संवाद यात्रा' को लेकर हल्द्वानी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष पी.सी. तिवारी जबकि संचालन केंद्रीय महासचिव प्रभात ध्यानी ने किया। बैठक का संयोजन अशोक डालाकोटी द्वारा किया गया।

बैठक में वक्ताओं ने प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए क्षेत्रीय दलों के साझा मंच की जरूरत पर जोर दिया। कैलाश पाठक ने भाजपा और कांग्रेस के विकल्प के रूप में मजबूत क्षेत्रीय गठबंधन की आवश्यकता बताई। वहीं, एडवोकेट संगीता पांडे ने हल्द्वानी में संगठन विस्तार पर बल दिया और एडवोकेट जितेन्द्र तिवारी ने बड़े जनकार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया।

केंद्रीय महासचिव प्रभात ध्यानी ने कहा कि प्रदेश में शराबबंदी, आशा वर्कर्स, मजदूरों और किसानों से जुड़े मुद्दों पर चल रहे जनसंघर्षों को एकजुट कर तीसरे विकल्प की दिशा में आगे बढ़ना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर स्कूल बंद किए जा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर शराब की दुकानों में बढ़ोतरी हो रही है, जो चिंताजनक है।

अपने संबोधन में पी.सी. तिवारी ने कहा कि 'उत्तराखंड जन संवाद यात्रा' को पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। इसके तहत संगोष्ठियों, संवाद कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों के जरिए आम जनता से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। साथ ही हल्द्वानी में संगठन को मजबूत करने और प्रदेश स्तर पर क्षेत्रीय दलों के व्यापक गठबंधन के निर्माण की दिशा में कार्य किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित