देहरादून , मार्च 12 -- उत्तराखंड में एलपीजी एवं ईंधन की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा प्रदेशभर में व्यापक जांच अभियान चलाया जा रहा है।
10 मार्च से 12 मार्च तक विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न जनपदों में निरीक्षण एवं प्रवर्तन की कार्रवाई को अंजाम दिया है।
आयुक्त खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले ने गुरुवार को मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि इन तीन दिनों के दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कुल 280 निरीक्षण किए गए। जांच के दौरान 58 स्थानों पर छापे मारे गए , साथ ही चार एफआईआर दर्ज कराई गई हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान अवैध भंडारण एवं दुरुपयोग के मामलों में 74 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त कार्रवाई के दौरान 1 वजन माप उपकरण तथा दो रिफिलिंग किट भी जब्त की गई हैं। विभाग ने अनियमितताओं पर 4600 रुपये का अर्थदंड भी वसूला है।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर गैस एवं ईंधन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध रिफिलिंग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित