देहरादून , जनवरी 23 -- लगातार मौसम की अनदेखी से उत्तराखंड में उत्पन्न सूखे के हालात अब संभवतः नहीं रहेंगे। क्योंकि शुक्रवार सुबह तड़के से राज्य के ऊंचाई वाले स्थानों पर इस ऋतु की पहली बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश शुरू हो गई। इससे पूरे राज्य में शीतलहर का प्रकोप हो गया है।

आमतौर पर दिसंबर माह से राज्य में बर्फबारी और बारिश शुरू हो जाती है, इससे पहाड़ी इलाकों में होने वाले फलों और अन्य कृषि उपजों की बेहतर उत्पादकता होती है। अब लगभग एक महीने विलंब से मौसम बदलने से काफी हद तक लाभदायी स्थिति मजबूत हुई है।

सुबह से ही टिहरी, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चमोली, रूद्रप्रयाग और देहरादून जनपदों के ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी शुरू हुई। इसके साथ ही, विशेषकर देहरादून के मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश भी शुरू हो गई। मसूरी, यमुनोत्री, गंगोत्री, बदरीनाथ, तुंगनाथ, केदारनाथ, सुक्की टॉप, हर्षिल, चकराता आदि स्थानों पर रुक रुक कर लगातार बर्फवारी होने से पर्यटकों के साथ होटल कारोबारियों में एक अलग तरह की खुशी का आलम है।

उत्तरकाशी जनपद में बीआरओ द्वारा अवगत कराया गया है कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्थान सुक्की टॉप से गंगोत्री तक बर्फबारी के कारण बाधित हुआ हैं। बीआरओ की मशीनरी तैनात हैं। वर्तमान में बर्फबारी जारी हैं। जबकि 11 केवी हर्षिल फीडर (मल्ला से गंगोत्री) और 11 केवी उत्तरकाशी फीडर (मल्ला से मनेरी) बर्फबारी के कारण ब्रेकडाउन के कारण विद्युत बाधित हैं।

अभी तक मिली ताजा जानकारी के अनुसार, जनपद बागेश्वर, चमोली, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी, उत्तरकाशी के रूड़की, डोईवाला, मसूरी, चिन्यालीसौड़, देवप्रयाग, श्रीनगर, कपकोट, डीडीहाट, थराली तथा इनके आस पास के क्षत्रो मे बहुत हल्की से हल्की बारिश हो रही है। जबकि 2300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी होने के साथ, गरज भरे तूफान, बिजली, तेज हवाएं, ठंड का मौसम रहने की संभावना है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने भी राज्य में अगले 24 घंटों में अर्थात, 23 जनवरी को अपराह्न 1 बजकर 03 मिनट बजे से 24 जनवरी शनिवार अपराह्न 1 बजकर 03 मिनट बजे तक का ऑरेज अलर्ट जारी किया है। जो जनपद बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्र प्रयाग, उत्तर काशी के विशेषकर, बडकोट, पुरोला, चकराता, सोनप्रयाग, कर्णप्रयाग, बद्रीनाथ, जोशीमठ, थराली, कपकोट, बेरीनाग तथा इनके आस पास के क्षेत्रों मे भारी बारिश, बर्फबारी, बर्फ़ीला तूफान (2300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर) आने की प्रबल संभावना व्यक्त की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित