बागेश्वर , अप्रैल 15 -- उत्तराखंड के प्रसिद्ध कौसानी चाय को बढ़ावा देने की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल करते हुए चाय की पैकेजिंग का कार्य शुरू किया गया है।
इस पहल के तहत अब स्वयं सहायता समूह की महिलाएं चाय की पैकेजिंग का कार्य करेंगी, जिससे उन्हें सीधा बाजार से जुड़ने का अवसर मिलेगा। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि कौसानी चाय की अपार संभावनाएं हैं और इसकी प्रभावी ब्रांडिंग व पैकेजिंग के जरिए इसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि इस दिशा में एक सशक्त विपणन रणनीति तैयार की जा रही है, ताकि उत्पाद को उचित मूल्य मिल सके।
मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी ने बताया कि कौसानी चाय के प्रचार-प्रसार के लिए प्रमुख पर्यटन स्थलों पर स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक पर्यटक इस उत्पाद से जुड़ सकें।
जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि यह पहल रीप योजना एवं मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत स्थानीय उत्पादों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे महिलाओं की आजीविका मजबूत होगी और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
परियोजना निदेशक शिल्पी पंत ने बताया कि क्लस्टर स्तर पर महिलाओं को मार्केटिंग संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे अपने उत्पाद को बेहतर तरीके से बाजार में स्थापित कर सकें।
इस अवसर पर परियोजना प्रबंधक मोहम्मद आरिफ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित