टिहरी , जुलाई, 28 -- उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने गंगोत्री यात्रा मार्ग पर संचालित विभिन्न लंगर भंडारों का मंगलवार को आकस्मिक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान 15 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत नागणी में साईं सेवादल रोहतक, ताछला में शिवशक्ति कांवड़ सेवा तथा फकोट में शिवशक्ति सेवा टूरिस्ट, स्वरूपनगर (दिल्ली) द्वारा संचालित लंगरों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत किया गया।

निरीक्षण के दौरान लंगर संचालकों को श्रद्धालुओं को ताजा, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने, कृत्रिम और हानिकारक खाद्य रंगों का प्रयोग न करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। विभाग के अनुसार सभी लंगरों में भोजन व्यवस्था सामान्यतः संतोषजनक पाई गई।

अभियान के दौरान मिठाई, मठरी, बालूशाही, बर्फी, चावल, आटा और बेसन सहित कुल 15 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। निरीक्षण दल में सहायक आयुक्त (खाद्य) प्रमोद रावत और खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत चौहान शामिल रहे।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इस प्रकार के निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित